मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर सैयद ऐन-उल-हसन के कार्यकाल का विस्तार
PressRelease
मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर सैयद ऐन-उल-हसन के कार्यकाल का विस्तार
_
विश्वविद्यालय के शैक्षिक एवं विकासात्मक कार्यों को मिलेगी निरंतर गति_
हैदराबाद, 23 जुलाई:
मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी (मानू) के कुलपति प्रोफेसर सैयद ऐन-उल-हसन के कार्यकाल का विस्तार किया गया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रोफेसर इश्तियाक अहमद द्वारा अधिसूचना जारी की गई है।
अधिसूचना के अनुसार, भारत के राष्ट्रपति की स्वीकृति के उपरांत भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा 22 जुलाई 2026 को प्रोफेसर सैयद ऐन-उल-हसन के कुलपति के रूप में कार्यकाल विस्तार को मंजूरी प्रदान की गई। यह निर्णय विश्वविद्यालय में चल रहे शैक्षिक, अकादमिक एवं विकासात्मक कार्यों की निरंतरता सुनिश्चित करने तथा उनके अनुभव एवं नेतृत्व का लाभ विश्वविद्यालय को आगे भी प्राप्त होने के उद्देश्य से लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर सैयद ऐन-उल-हसन ने 28 जुलाई 2021 को मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के पाँचवें कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उनके कार्यकाल के दौरान विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) द्वारा ‘A+’ ग्रेड प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, QS ग्लोबल रैंकिंग तथा राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) में भी विश्वविद्यालय की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप विश्वविद्यालय में लॉ स्कूल की स्थापना की गई, जिसके अंतर्गत एलएलबी सहित विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों की बदलती शैक्षिक एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई नवीन एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किए गए हैं।
"उनकी विशेष रुचि से वाराणसी कैंपस की स्थापना हुई, जहाँ बी.एड. कॉलेज के अलावा दूरस्थ शिक्षा (डिस्टेंस एजुकेशन) के इच्छुक छात्रों के लिए रीजनल सेंटर (क्षेत्रीय केंद्र) भी स्थापित किया गया।"
शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए भारत सरकार द्वारा जनवरी 2025 में उन्हें प्रतिष्ठित पद्म श्री सम्मान से सम्मानित किया गया।
कुलपति के कार्यकाल के विस्तार पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रोफेसर इश्तियाक अहमद, शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने प्रोफेसर सैयद ऐन-उल-हसन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
प्रोफेसर सैयद ऐन-उल-हसन ने अपना व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने विस्तारित कार्यकाल में विश्वविद्यालय की शैक्षिक एवं अकादमिक उत्कृष्टता को और सुदृढ़ करने, विद्यार्थियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा विश्वविद्यालय को विकास और प्रगति की नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।
डॉ. मुहम्मद मुस्तफ़ा अली सरवरी
प्रभारी जनसंपर्क अधिकारी